नए कृषि कानूनों के समर्थन में आए कई किसान, कहा हो रहा फायदा

हरदा, द टेलीप्रिंटर। कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब-हरियाणा सहित कई राज्यों के किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीँ दूसरी तरफ कुछ किसान ऐसे भी है जो केंद्र सरकार द्वारा लाए कृषि कानूनों का समर्थन कर रहे हैं। बिल का समर्थन कर रहे किसानों का कहना है कि नए कृषि कानूनों से हमें बहुत फायदा हो रहा है।
मध्यप्रदेश के हरदा जिले के डेढ़ गाँव में रहने वाले किसान राम विलास गुर्जर भी उन्ही किसानों में से एक है जो नए कृषि कानूनों का समर्थन कर रहे हैं। राम विलास गुर्जर का कहना है कि, ‘मैंने ITC सोया चौपाल में सोयाबीन बेची, जिसका दाम मुझे 4266 रुपए प्रति क्विंटल मिला। यह दाम मंडी से लगभग 100 रुपए अधिक है। मेरे साथी किसानों को भी इससे फायदा हुआ है। हमें एक दिन पहले ही फसल का दाम पता चल जाता है। इसके अलावा फसल बेचने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ता है और फसल का दाम भी तत्काल मिल जाता है। नए कृषि कानूनों से हमें फायदा मिल रहा है। आगे और भी कंपनियां बाजार में आएगी तो किसानों को और फायदा होगा।’
गौरतलब है कि तीनों नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान पिछले 14 दिनों से दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे हैं। केंद्र सरकार लगातार किसानों की समस्याओं को दूर करने के प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार की ओर से किसानों को बिलों में संशोधन करने के प्रस्ताव भी दिया गया है, लेकिन किसान कानून रद्द करने की मांग पर अड़े हैं।